धामपुर में मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा की मुख्य सड़क पर बहता बरसाती पानी ।स्रोत वीडियो ग्रेब
बिजनौर/धामपुर/नांगलसोती। जिले में दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। गंगा समेत अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलीलपुर खादर क्षेत्र के कई गांवों में गंगा का पानी बह रहा है। मंगलवार को भी जिले में बारिश होती रही। बारिश के कारण लोग अपने रोजमर्रा के काम भी नहीं निपटा पा रहे हैं।
जिला मुख्यालय पर मोहल्ला चाहशीरी, नई बस्ती, आवास विकास कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में जलभराव के हालात रहे। मंगलवार को धामपुर के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा में निकासी न होने से मुख्य सड़के जलमग्न हो गई। नगर के बीच से बह रही इकड़ा नदी उफनाई हुई है। एसडीएम स्मृति मिश्रा का कहना है कि उनके स्तर से सभी बाढ़ चौकियों और आश्रय स्थलों पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है।
उधर, नांगल सोती क्षेत्र में गंगा किनारे लालपुर सोजीमल में फिलहाल भूमि कटान कम होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। लगातार बारिश होने से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे एक बार फिर भूमि कटान शुरू होने का खतरा मंडरा रहा है। गंगा लालपुर सोजीमल और बालावाली क्षेत्र में सैकड़ों बीघा भूमि का कटान कर चुकी है। लालपुर सोजीमल के निकट रेलवे लाइन के पास कटान रोकने के लिए स्लीपर लगाए गए हैं।
बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान : पैजनिया। मंगलवार दोपहर तेज बारिश में गांव पावटी निवासी इरशाद पुत्र रियासत का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर घर में रखा खाने-पीने का सारा सामान खराब हो गया। इरशाद की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, उसने प्रशासन से आवास निर्माण कराने की मांग की है।