अफजलगढ़। मंगलवार की देर शाम गांव महावतपुर स्थित सोमवती देवी इंटर कॉलेज की दीवार पर एक गुलदार बैठा देखा गया। पहले तो ग्रामीण घबरा गए लेकिन फिर ग्रामीणों ने अन्य लोगों को जागरूक करने के लिए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
इसके करीब आधा घंटा बाद पास ही खेत में एक गुलदार अपने दो शावकों के साथ देखा गया। गुलदार देख ग्रामीण लौट आए। स्कूल में गुलदार आने से ग्रामीण अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। ग्रामीण कपिल, दीपक, रिंकू, अशोक, नरेश व राजू आदि ने स्कूल के पास ही खेत में भूसा ले रखा है। मंगलवार की देर शाम वह भूसा उठाने के लिए गए थे। तभी ग्रामीणों की नजर वहां दो शावकों के साथ गुलदार पर पड़ी।ग्रामीणों का कहना है कि पहले गुलदार केवल जंगल में नजर आ रहा था। अब वह शिकार की तलाश में गांव के भीतर बस्ती में आने लगा है। नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने गांव में पिंजरा लगवाने तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।