अफजलगढ़। क्षेत्र में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। गुलदार ने बृहस्पतिवार की रात गांव मोहम्मद अलीपुर चौहड़ में तीन लोगों की नौ बकरियों को मार डाला। बकरी स्वामियों को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, गांव में गुलदार की आमद से ग्रामीण भयभीत हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
गांव निवासी दिलशाद पुत्र मुशरर्फ, शमशाद पुत्र जमीर और दिलशाद पुत्र छिद्दू बृहस्पतिवार की शाम गांव के पास ही जंगल में बकरियों को चराने ले गए थे। देर शाम वे बकरियों को लेकर लौट आए, लेकिन सभी बकरियां नहीं पहुंची। बकरियां जब देर रात तक भी घर नहीं लौटी तो बकरी पालक शुक्रवार की सुबह जंगल की ओर उन्हें देखने गए।
उन्हें वहां तीन बकरियाें के अवशेष गन्ने के खेत में तथा छह बकरियां मृत अवस्था में खेत से बाहर पड़ी मिलीं। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार ने रात में किसी समय बकरियों को मार डाला। उन्होंने वन कर्मियों को इसकी सूचना दी तथा मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। इस संबंध में नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा का कहना है कि वह मौके पर टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराएंगे।
बस्ती में आई नीलगाय ने मचाया उत्पात : कादराबाद के गांव जामुनवाला में शुक्रवार की सुबह एक नील गाय जंगल से निकल कर बस्ती में पहुंच गई। नील गाय के आने से गांव में भगदड़ मच गई। जिधर को भी नीलगाय उछल कूद करती निकली ग्रामीण उससे डरकर भागते नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि कालागढ़ कार्बेट टाईगर रिजर्व के जंगलों से निकल कर वन्य जीव उनके घरों तक पंहुचने लगे हैं। वन्य जीवों के बस्ती में आने से ग्रामीणों का जीवन दुश्वार हो गया है।ि