नांगल सोती- गांव लालपुर सोजीमल में पिंजरे में कैद गुलदार। स्रोत वन विभाग
- फोटो : Samvad
नांगलसोती/ नजीबाबाद । गांव लालपुर सोजीमल में एक किसान के घर में शुक्रवार की देर रात शिकार का पीछा करते हुए गुलदार घुस गया। किसान ने साहस का परिचय देते हुए गुलदार को कमरे में बंद कर दिया। पुलिस व राजगढ़ वन रेंज की टीम ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को रेस्क्यू किया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद किसान के परिवार व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नांगलसोती क्षेत्र का गांव लालपुर सोजीमल राजगढ़ वन रेंज के काफी नजदीक बसा है। गांव के बाहर किसान मुन्नू सिंह का घर है। शुक्रवार की देर रात मुन्नू सिंह अपने परिवार के साथ घर के बाहर बैठे थे। रात करीब 11 बजे शिकार का पीछा करते हुए अचानक गुलदार मुन्नू सिंह के घर में घुस गया। गुलदार की घर में दस्तक से परिवार के लोग भयभीत हो गए।
किसान मुन्नू सिंह ने अपने परिवार की रक्षा के लिए अपनी जान पर खेलते हुए और साहस का परिचय देते हुए गुलदार को कमरे में बंद कर दिया। शोर शराबा सुनकर गांव के बब्लू, दीपू, अजय, सुभाष, पंकज, सहदेव आदि ग्रामीण आ गए। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौड़ टीम के साथ गांव पहुंचे। रेंजर देव ऋषि के नेतृत्व में वन दरोगा योगेश के साथ राजगढ़ वन रेंज की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
वन विभाग की टीम ने घर के चारों ओर गुलदार को पकड़ने के लिए जाल लगा दिया और आतिशबाजी चलाई गई। इसके बावजूद जब गुलदार जाल में नहीं फंसा। वन विभाग की टीम ने कमरे के मुख्य द्वार पर पिंजरा लगाया। पिंजरे में बंधी बकरी के लालच में गुलदार शनिवार की तड़के करीब 5:00 बजे पिंजरे में कैद हो गया।
वन विभाग की टीम व पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को रेस्क्यू किया तो परिवार के लोगों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली। गुलदार के भय से ग्रामीण पूरी रात जागते रहे। कुछ साहसिक ग्रामीण वन विभाग की टीम के साथ गुलदार को पकड़े जाने तक मौके पर डटे रहे। राजगढ़ के वन रेंजर देव ऋषि ने बताया कि गुलदार की उम्र करीब दो साल है।