रेहड़ गांव उदयपुर में वाहन की टक्कर के बाद मृत पड़ा गुलदार। स्रोत वन विभाग।फोटो वन विभाग
रेहड़। उदयपुर के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर में गुलदार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम मृत गुलदार को पीएम के लिए पीली डैम चौकी लाया गया है। जहां तीन पशु चिकित्सकों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा।
मंगलवार की रात लगभग डेढ़ बजे बादीगढ़-सुआवाला मार्ग पर गांव उदयपुर के नजदीक सड़क हादसे में किसी वाहन से टकराकर गुलदार की मौत हो गई। देर रात गश्ती दल की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम मृत गुलदार को पीलीडैम स्थित वन चौकी ले गई जहां उसका तीन चिकित्सकीय पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. रजनीश कुमार नगीना, डॉ. एसपी सिंह कासमपुर गढ़ी और डॉ. अनुराग चौधरी नहटौर का पैनल पोस्टमार्टम करेगा।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी नगीना प्रदीप शर्मा ने बताया कि मृत नर गुलदार है, जिसकी अनुमानित आयु दो से तीन वर्ष है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि गुलदार की मौत किसी वाहन से टक्कर से हुई है। इस अवसर पर वन दरोगा धर्मेंद्र चौधरी, सत्यवीर सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।