गांव बाखराबाद खटाई में पिंजरे में कैद गुलदार। स्रोत ग्रामीण
नूरपुर। शनिवार को गांव बाखराबाद खटाई में लगें पिंजरे में गुलदार के कैद होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बता दें कि लगातार गांव के आसपास और जंगल में गुलदार की दस्तक से लोगों में भय बना हुआ था।
करीब चार माह पहले भी स्थानीय जंगल से दो गुलदार पकड़े जा चुके हैं। लेकिन अन्य गुलदार के जंगल में होने की सूचना पर वन विभाग ने जगतवीर सिंह के खेत के पास पिंजरा लगवाया था, जिसमें एक गुलदार कैद हो गया। सूचना पर वन विभाग कर्मचारी गुलदार को रेंज कार्यालय ले गए। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि पकड़ा हुआ नर गुलदार की उम्र करीब तीन वर्ष है सामान्य तौर पर स्वस्थ है मेडिकल जांच कराई जा रही है।
पिछले लंबे समय से क्षेत्र के जंगलों में गुलदार के देखे जाने से किसानों में भय का माहौल बना हुआ था। किसान खेतों पर काम करने में डर की वजह से झुंड बनाकर तेज आवाज में शोर मचा कर काम करने को मजबूर थे। गांव बाखराबाद खटाई, नुकदीपुर, धौलागढ़, धमरौला, धमरौली, अहरीरपुरा, राहूनांगली, गोपालपुर, गोहावर, रहटा, एडवा आदि गांवों में गुलदार की सक्रियता से किसानों व राहगीरों में डर का माहौल बना हुआ है।
करीब एक सप्ताह पूर्व रामगंगा पोषक नहर के पुल पर बने गांव रहटा के रास्ते पर गुलदार के पुलिया पर काफी देर तक बैठे रहने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसे कार सवार गांव रहटा के पूर्व प्रधान इंशाद अली ने परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान बनाया था।