नगीना के गांव गोविंदपुर से रेस्क्यू किया गया गुलदार का शावक।
- फोटो : BIJNOR
एक को खेत में छोड़ दो शावक को ले गई मादा गुलदार
बिजनौर। गन्ना खत्म होने पर तीन शावकों में से मादा गुलदार एक शावक को खेत में ही छोड़कर चली गई। वन विभाग की टीम ने शावक को कब्जे में लिया है। इसे इटावा में लॉयन सफारी में भिजवाया जाएगा। गांव भगवानपुर में भी खेत से जंगली बिल्ली का एक बच्चा मिला, जिसे खेत में ही छोड़ दिया गया।
नगीना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर में पिछले कुछ दिनों से मादा गुलदार अपने शावकों के साथ देखी जा रही थी। वन विभाग ने वहां गन्ने के खेत में ट्रैप कैमरा लगवाया था। गांव वालों ने शुक्रवार को खेत में शावक देखे जाने की बात बताई। वन विभाग ने शावक को उठा लिया। ट्रैप कैमरे को चेक किया गया तो उसमें मादा गुलदार अपने दो शावकों को बारी बारी से उठाकर जाती हुई दिख रही है। एक बच्चे को वह खेत में ही छोड़ गई।
इसके अलावा किरतपुर के गांव भगवानपुर में खेत में गुलदार का शावक की सूचना पर वन विभाग की टीम पहुुंची। वन विभाग की टीम ने बताया कि शावक नहीं जंगली बिल्ली का बच्चा है। उसे खेत में सुरक्षित छोड़ दिया गया। डीएफओ डा.एम सेम्मारन ने बताया कि इस समय खेतों में गन्ना खत्म हो चुका है। गुलदार को शावकों को खेतों में छिपाने में व शिकार करने में दिक्कत आती है। इसलिए कभी कभी मादा गुलदार ज्यादा शावक होने पर अपने सबसे कमजोर शावक को खेत में ही छोड़कर बाकी शावकों को परवरिश के लिए ले जाती है। खेत में मिले गुलदार के शावक को रेस्क्यू कर लिया गया है। उसकी पूरी देखभाल की जा रही है।
नगीना के गांव गोविंदपुर में गन्ने के खेत से शावक को मुंह में भरकर ले जाती ट्रैप कैमरे में कैद हुई ग- फोटो : BIJNOR