विपक्ष के नेता बरगला रहे किसानों को: शाही
अफजलगढ़। गांव भूतपुरी के शिवमंदिर पर आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में आए यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों की हितैषी है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसानों के हित के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। विपक्ष के कुछ लोग किसानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं।
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि विपक्ष के पास अब कहने के लिए कुछ बचा ही नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ईमानदारी व कर्मठता पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। उन्होंने चुनाव से पूर्व जो वादे किए थे उन वादों को साकार किया। कहा कि देश का किसान आत्मनिर्भर होगा तभी देश भी आत्मनिर्भर बनेगा। किसानों के खाते पीएम किसान योजना के तहत दो दो हजार रुपये की क़िस्त छोटे व बड़े सभी किसानों को खाद बीज आदि के लिए पहुंचाने का काम नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में बिजली की कोई कमी नहीं है। सभी किसानों व कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवनीश निर्वाल व संचालन भारतीय किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अवनीश चौहान ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, रमेश कुमार, रामकुमार सिंह, पंकज गहलोत, महेश कुमार, जितेंद्र कुमार, फूलकुंवर सिंह आदि मौजूद रहे।