संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गाजियाबाद के वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में चल रही वकीलों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। वकीलों के विरोध के कारण बिजनौर में रजिस्ट्री का काम तीसरे दिन भी नहीं हुआ।
जिला रेवेन्यू बार के अध्यक्ष अरविंद चौधरी एवं महासचिव निपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में वकील पूरे दिन रजिस्ट्री कार्यालय में जमे रहे। उधर, जजी परिसर में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष यशपाल सिंह की अध्यक्षता एवं विशाल अग्रवाल के संचालन में हुई बैठक में गाजियाबाद प्रकरण में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया गया।
जिला जज गाजियाबाद के निलंबन एवं पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। धरने में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोजचाहल, अनुज चौधरी, सुशील त्यागी, ममतेश चौहान, पंकज विश्नोई, पूर्व महासचिव रामेंद्र सिंह, नरेश चौधरी, नवदीप सिंह आदि मौजूद रहे।