संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गाजियाबाद में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर वकील बुधवार को भी न्यायिक कार्य से विरत रहे और जजी परिसर में धरना दिया। गाजियाबाद के जिला जज के विरुद्ध कार्रवाई करने और शासन द्वारा पुलिस कर्मियों पर मुकदमा करने की मांग की गई।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष यशपाल सिंह की अध्यक्षता एवं महासचिव विशाल अग्रवाल के संचालन में जिला बार एसोसिएशन की बैठक में कहा गया गाजियाबाद प्रकरण को लेकर वकील काफी समय से धरना व प्रदर्शन कर रहे हैं। इस संबंध में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश व मुख्यमंत्री को कार्रवाई के लिए ज्ञापन भेजा जा चुका है।
इसके बावजूद भी हाईकोर्ट व उत्तर प्रदेश शासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसे लेकर वकीलों में भारी रोष व्याप्त है। वकीलों के धरना प्रदर्शन से न्यायिक कार्य भी बाधित हो रहा है। वादकारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वकीलों की ओर से तुरंत गाजियाबाद के जिला जज के विरुद्ध कार्रवाई करने और शासन द्वारा पुलिस कर्मियों पर मुकदमा करने की मांग की गई। धरने में पूर्व अध्यक्ष एसके बबली, निरंकार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुनेश कुमार चाहल, रणजीत सिंह, जावेद सैय्यद, अंबिका राणा, पंकज विश्नोई, अनुज चौधरी, गुलिस्ताब गुल, दिनेश वर्मा, ममतेश चौहान, विवेक चौधरी, प्रीति चौहान, जितेंद्र राठी आदि मौजूद रहे।