संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। थाना शिवाला कलां के गांव यूसुफा में कमेटी की किस्त जमा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद में घायल 52 वर्षीय छुट्टन सिंह की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। उसकी मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राम अर्ज ने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे थाना शिवाला कलां के गांव यूसुफा निवासी अरविंद कुमार व चार अन्य ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया। थाना पुलिस ने सभी का मेडिकल कराया। करीब तीन घंटे बाद सूचना मिली कि गांव यूसुफा निवासी छुट्टन सिंह के परिजन उनको सीएचसी नूरपुर लेकर गए हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उनको बिजनौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां छुट्टन सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र संजय कुमार की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।