- तहसीलदार के अशोभनीय व्यवहार और कार्य न करने से असंतुष्ट वकीलों ने 17 फरवरी से न्यायिक कार्यों का कर रखा है बहिष्कार
- अदालत नहीं चलने से तहसील के चक्कर काटने को मजबूर वादकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। तहसीलदार धामपुर की कार्यप्रणाली को लेकर चल रही बार एसोसिएशन की नाराजगी बरकरार बनी हुई है। बीते 20 दिनों से तहसीलदार कोर्ट भी नहीं चल रही है। वहीं बार के पदाधिकारियों ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। दरअसल वकीलों ने 17 फरवरी से तहसीलदार न्यायालय के न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर रखा है।
बार एसोसिएशन धामपुर के अध्यक्ष विनोद कुमार सैनी और पूर्व अध्यक्ष भीम सिंह ने बताया कि जब से धामपुर में तहसीलदार धनराज कुमार ने कार्यभार संभाला है। तब से लोगों के दाखिल खारिज होने में दिक्कत आ रही है। बगैर अवैध वसूली के कोई काम नहीं हो रहा है। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार से सुधार लाने को कई बार आग्रह किया। पर जब सुधार नहीं हुआ तो अधिवक्ताओं ने दो दिसंबर 2025 को तहसीलदार धनराज कुमार के भ्रष्ट रवैये और अशोभनीय व्यवहार के मामले को लेकर कार्यकारिणी की बैठक हुई थी। जिसमें तहसीलदार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर प्रदेश के सीएम, मंडल आयुक्त मुरादाबाद, राजस्व परिषद चेयरमैन उत्तर प्रदेश लखनऊ व डीएम बिजनौर को अवगत कराया गया था। पर अभी तक कुछ नहीं हुआ।
पदाधिकारियों ने असंतोष जताते हुए कहा कि जब विभाग स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बार एसोसिएशन ने 17 फरवरी को फिर से बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें तहसीलदार की कार्यप्रणाली, व्यवहार व कार्य करने के बारे में विचार मंथन हुआ । जिसमें बहुमत से वकीलों ने तहसीलदार न्यायालय के न्यायिक कार्य का अनिश्चितकालीन तक बहिष्कार करने का निर्णय लिया। जो अभी भी चल रहा है। अधिकांश वकीलों ने तहसीलदार कोर्ट से अपने वादों की पत्रावलियों को ट्रांसफर करा कर नायब तहसीलदार कोर्ट में चलाया जा रहा है। चेताया कि राजस्व परिषद की ओर से इस मामले में जल्द की कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
- लगाए गए सभी आरोप गलत : तहसीलदार धामपुर
उधर तहसीलदार धनराज कुमार ने बार एसोसिएशन की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया। कहा वह तो कोर्ट चलाने का प्रयास कर रहे हैं। मगर वकीलों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।