बिजनौर। शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में उप्र जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ और उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को साैंपा गया। लाठीचार्ज में मृतक शिक्षक के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा, शिक्षक को शहीद का दर्जा देने और आश्रित को नौकरी देने की मांग की गई।
शुक्रवार को परिषदीय स्कूलों के शिक्षक पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधीर यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष नागेश कुमार, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधीर आर्य, मंत्री दुष्यंत कुमार, प्रशांत चौधरी के नेतृत्व में बीएसए कार्यालय पर एकत्रित हुए। बैठक में वक्ताओं ने बुधवार को लखनऊ में पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज की घोर निंदा की। लाठीचार्ज में मृतक शिक्षकों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर यहां से शिक्षक प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र एसडीएम को सौंपा।
पत्र में मृतक शिक्षक के परिवार को एक करोड़ का मुआवजा देन, आश्रित को सरकारी नौकरी देने, लाठीचार्ज में शामिल पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने तथा मृतक शिक्षक को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग की है। शिक्षकों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को भी वापस लने एवं पुरानी पेंशन व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की मांग की है। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष अर्चना सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, भूपेंद्र चौहान, कुड़वा सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रशांत शर्मा, मोबिन हसन, हरवंत सिंह, सुहेल अख्तर बेग सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। संचालन पी सी चक्रवर्ती व भूपेंद्र राणा ने संयुक्त रूप से किया। दो मिनट का मौन रखने के उपरांत प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की गई।
उप्र जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जमाली गुट के अध्यक्ष अरशद जमाली, विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के संगठन मंत्री नौबहार सिंह के नेतृत्व में शिक्षक टाउन हाल में एकत्रित हुए और लखनऊ में हुए लाठीचार्ज की निंदा की। यहां से शिक्षकों ने प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को मांगपत्र सौंपा।
पत्र में मृतक शिक्षकों के परिवार को 50-50 लाख का मुआवजा दिलाने, पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग की।
इस मौके पर भूपेश त्यागी, बिजेंद्र कुमार, संजीव चौधरी , सआदत हुसैन, गुलशन गुप्ता, अरविंद अहलावत, संजय राणा, बबीता, मदन पाल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। उधर, आदर्श वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर कुमार चौहान, महामंत्री मोहम्मद वाइज ने भी शिक्षकों के धरने प्रदर्शन का समर्थन किया है तथा शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को अविलंब पूरा करने की मांग की है।