एकमुश्त समाधान योजना में पंजीकरण की आज अंतिम तिथि
बिजनौर। विद्युत निगम की एकमुश्त समाधान योजना ओटीएस में पंजीकरण कराने की 15 मार्च अंतिम तिथि है। योजना में काफी कम बकाएदार ने रजिस्ट्रेशन कराया है। भाकियू के आह्वान का असर पंजीकरण पर दिखाई दे रहा है।
विद्युत निगम ने घरेलू व निजी नलकूप बकाएदारों के लिए एक मार्च से एकमुश्त समाधान योजना शुरू की है। इसके लिए बकाएदार को 15 मार्च तक पंजीकरण कराना जरूरी है। पंजीकरण के लिए बिजली घरों, अधिशासी अभियंता व एसडीओ दफ्तरों पर काउंटर खुले हैं। बकाएदार कम संख्या में पंजीकरण कराने आ रहे हैं। अधीक्षण अभियंता जे के गुप्ता ने बताया कि 13 मार्च तक दोनों सर्किल के आठ डिविजन में 45,880 बकाएदारों का पंजीकरण हुआ है। इस दौरान 48.85 करोड़ बकाया वसूली हुई है।
किसान यूनियन के आह्वान का असर
बिजनौर। भाकियू ने बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने का एलान कर रखा है। यूनियन का कहना है कि गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हो रहा है। किसान अपने खेती व परिवार के खर्च मुश्किल से चला रहा है। यूनियन के प्रदेश सचिव रामौतार सिंह , भाकियू युवा के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह के अनुसार यूनियन का गन्ना मूल्य नहीं तो बिजली बिलों का भुगतान नहीं का आह्वान है।
विद्युत अभियंता संघ ने क्रियान्वयन में बताई खामियां
बिजनौर। जिला विद्युत अभियंता संघ ने ओटीएस योजना के क्रियान्वयन में तकनीकी खामियां बताई हैं। आरोप है कि सर्वर अधिकांश समय डाउन रहता है, जो उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन कराने आ रहे हैं वे सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहते हैं। काम नहीं होने पर घरों को लौट जाते हैं। कमी बताने पर अभियंताओं का उत्पीड़न हो रहा है। संघ जिला पदाधिकारी इंजीनियर कुंवर शर्मा के अनुसार अव्यवस्था के लिए प्रबंधतंत्र जिम्मेदार है।