बिजनौर में धनतेरस पर बाजार में धन की जमकर वर्षा हुई। जिले भर में करीब 175 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सराफों की दुकान से लेकर वाहनों की एजेंसियों पर जमकर भीड़ उमड़ी।
उपभोक्ताओं की खरीदारी ने अब तक के सारे व्यापार को पीछे छोड़ दिया। दोपहर तीन बजे ही बुलेट बाइक की एजेंसी की सभी 108 बाइकें बिक गईं। धनतेरस की तैयारी दुकानदारों ने एक दिन पहले से ही शुरू कर दी थी। रात को ही उन्होंने दुकानों का सामान सड़क पर लगा दिया था। सुबह ही बाजार में हुजूम उमड़ पड़ा। बर्तन, मोबाइल, एलईडी, बाइकों, कारों चांदी के सिक्कों व मूर्तियों की बंफर सेल हुई। गिफ्ट सेंटर आदि सभी दुकानों पर खूब भीड़ उमड़ी। बिजनौर में बुलेट की एजेंसी पर दोपहर तीन बजे तक ही 108 बुलेट बाइक बिक गई। इसके अलावा 20 बुलेट के लिए एडवांस बुकिंग भी हो गई। धन तेरस पर बाजार में देर रात तक भीड़ लगी रहती है। जिले भर में 150 से अधिक ट्रैक्टर बिकने का अनुमान लगाया जा रहा है। शिवम एजेंसी पर 20, पाराशर मोटर्स पर 20, एशियन मोटर्स पर दस ट्रैक्टर बिके। महेंद्रा एजेंसी पर भी ट्रैक्टरों की बंफर सेल हुई।
खूब बिकीं बाइक और स्कूटी
बाइकों की खूब बिक्री हुई। जिले भर में एक हजार से अधिक बाइक व स्कूटी बिकने का अनुमान है। वंदना ऑटो जोन पर 45 बाइक व स्कूटी बिकीं। बजाज एजेंसी पर भी तीन बजे तक 450 बाइक बिक गई। विमल ऑटो एजेंसी पर 125 बाइक व स्कूटी बिकीं।