चांदपुर। मोहल्ला चिम्मन में चोरों ने पेट्रोल पंप मालिक के मकान को निशाना बनाया। बाथरूम की खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे चोर करीब आठ लाख नकद, 60 ग्राम सोने के आभूषणों के अलावा अन्य सामान चोरी कर लिए। सूचना पर एसपी ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी की।
मोहल्ला चिम्मन जलीलपुर मार्ग पर निरीश कुमार गुप्ता उर्फ बिल्लू गुप्ता का मकान है। इसी मकान में उनके भतीजे मुकुल गुप्ता भी रहते हैं। निरीश कुमार गुप्ता का पेट्रोल पेट्रोल, विवाह मंडप आदि का कारोबार है। बृहस्पतिवार की रात चोर मकान के पीछे से भतीजे के कमरे के बाथरूम की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। पुलिस को दी तहरीर में निरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि चोरों ने उनके भतीजे मुकुल गुप्ता के ड्रेसिंग रूम में रखी अलमारी से लगभग आठ लाख रुपये की नकदी, लगभग 60 ग्राम के सोने के आभूषण, जिसमें दो गले के हार, दो अंगूठी, एक गले की चैन, कानों के आभूषण तथा कुछ चांदी का सामान चोरी कर लिया।
मुकुल गुप्ता ने बताया कि चोरी का पता तब लगा जब शुक्रवार सुबह नौकर के मकान के पीछे के हिस्से में सामान बिखरा और बाथरूम की खिड़की खुली देखी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रकाश कुमार ने फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। एसपी अभिषेक झा ने भी मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।