जिला अस्पताल में लक्ष्य के अनुरूप नहीं हो रही कोविड जांच
बिजनौर। जिला अस्पताल में लक्ष्य के अनुरूप कोविड जांच नहीं हो पा रही है। शासन ने जिला अस्पताल में लगी ट्रू नॉट मशीन से रोजाना 25 लोगों की कोविड जांच करने के निर्देेश दे रखे हैं। इसके बावजूद वहां पर लक्ष्य के मुताबिक काम नहीं हो पा रहा है।
कोरोना वायरस की जांच कराने के लिए जनपद के सैंपल नोएडा प्रयोगशाला भेजे जाते हैं। नोएडा लैब का लोड कम करने के लिए शासन की ओर से जिला अस्पताल में ट्रू नॉट मशीन स्थापित की गई थी। इससे कोविड जांच होती है। एक कर्मचारी ने बताया कि इस मशीन से रोजाना नाममात्र को ही जांच की जा रही है, जबकि शासन की स्पष्ट मंशा है कि इस मशीन से कम से 25 सैंपल प्रतिदिन टेस्ट किए जाएं। मगर ऐसा नहीं हो पा रहा है। इस कारण वर्तमान में भी जिले के संभावित मरीजों के नोजल और थ्रॉट स्वाब लेकर जांच के लिए नोएडा भेजने पड़ रहे हैं। वर्तमान में जिले भर से रोजाना साढ़े तीन सौ से लेकर चार सौ तक सैंपल जांच के लिए नोएडा भेजे जाते हैं। कभी कभी सैंपल की संख्या अधिक भी हो जाती है। जिला अस्पताल लक्ष्य के अनुरूप कोविड जांच में रुचि नहीं ले रहे हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ज्ञानचंद ने बताया कि जिला अस्पताल में रोजाना शासन की मंशा के अनुसार ही कोविड जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि इस मशीन से एक बार में कम से कम दो सैंपल की जांच की जाती है और उनका परिणाम दो घंटे के भीतर ही आ जाता है। कहा कि निर्देश के अनुसार ही 24 घंटे में मात्र 24 से 25 सैंपल की जांच की जा सकती है। लक्ष्य के अनुसार ही जिला अस्पताल में कोविड जांच की जा रही है।