भागूवाला में कोटावाली और मालन नदी में उफान से हड़कंप मच गया। पर्वतीय क्षेत्र में हुई वर्षा से कोटावाली और मालन नदी में अचानक उफान आ गया। इससे क्षेत्र में भारी कटान हुआ है।
पर्वतीय क्षेत्र में हुई भारी वर्षा से मालन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे पुल क्षेत्र में मालन नदी के उफान से आसपास की आबादी में हड़कंप मच गया। कछियाना क्षेत्र में कटान से सब्जी फसल प्रभावित हुई। उधर, भागूवाल क्षेत्र में कोटावाली नदी का जलस्तर बढ़ गया। कोटावाली नदी की धार कई वर्षों से गांव की ओर बढ़ रही है। नदी अब किसानों की सैकड़ों बीघा भूमि में खड़ी फसल बर्बाद कर चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक नदी की धारा कटान करते हुए गांव के नजदीक पहुंचने पर अधिकतर ग्रामीणों ने नदी के दूसरे छोर पर शरण ली। नदी की तट पर बसे ग्रामीण रामगोपाल का छप्परनुमा घर पानी में बह गया। परिजनों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। नदी का जल प्राथमिक विद्यालय के करीब तक पहुंचने से भी परेशानी हुई। गांव के निवासी रामचंदर, दुलारी, मुन्नी, राजेंद्र, चंद्रपाल सहित अन्य ने जिला प्रशासन से जरूरी कदम उठाने की मांग की है।