बिजनौर के नजीबाबाद में कोहरे में लंबी दूरी की ट्रेनें कई घंटा विलंब से चलने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी में पूरी रात यात्रियों को प्लेटफार्म पर काटने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
कोहरे के बढ़ते प्रकोप से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन बाधित हो रहा है। सोमवार को नजीबाबाद से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें कई-कई घंटा विलंब से गुजरीं। हरिद्वार-इलाहाबाद एक्सप्रेस ट्रेन करीब सात घंटा विलंब से चलने से यात्री हलकान हुए। अप दिशा की इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 12.15 के स्थान पर लगभग सात घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंची। जिससे हरिद्वार दिशा से इलाहाबाद जाने वाली डाउन दिशा की ट्रेन के संबंध में नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने के लिए अनिश्चितकालीन विलंब की सूचना चस्पा की गई।
लगभग सात से आठ घंटा विलंब होने से इस ट्रेन पर चलने वाले दैनिक यात्रियों सहित आरक्षण कराने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, अप दिशा की जनसेवा एक्सप्रेस, स्यालदाह एक्सप्रेस, लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर, डाउन दिशा की जनसेवा एक्सप्रेस, रामनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी दो से चार घंटा विलंब से नजीबाबाद से गुजरीं। सर्दी में ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उधर, देर रात चलने वाली ट्रेनें भी कोहरे के कारण विलंब से चल रही हैं।
घने कोहरे के चलते रेलवे ने ट्रेन चालक को स्टेशन आने का एहसास कराने के लिए फॉग सिग्नल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
उधर, अफजलगढ़ में नहर की पुलिया टूटने से गांव माधोवाला के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें आने-जाने में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण गौरव, मुरारी, खूब सिंह, रामकुवर, बंटी, ओमप्रकाश, जयदेव, निरजन आदि का कहना है कि विभाग की ओर से पिछले दिनों नहर की सफाई करते वक्त पुलिया टूट गई। इससे रास्ता बंद हो गया है। किसानों को खेतों में आने-जाने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने विभाग से जल्द ही टूटी पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्द समस्या का निदान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा। उधर, जेई हरवीर सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जल्द उनकी समस्या का निदान होगा।