किरतपुर चेयरमैन की 1.74 करोड़ की संपत्ति जब्त
बिजनौर/किरतपुर। किरतपुर नगर पालिका के चेयरमैन और सपा नेता अब्दुल मन्नान की एक करोड़ 74 लाख की संपत्ति को जब्त कर लिया गया है। गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति को कुर्क किया गया है। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने किरतपुर में दुकानें, काम्पलेक्स और जमीन को जब्त किया गया है। नगीना विधायक मनोज पारस ने भी किरतपुर पहुंचकर संपत्ति कुर्क किए जाने का विरोध जताया।
शुक्रवार दोपहर सीओ नजीबाबाद, तहसीलदार गोपेश्वर तिवारी, लेखपाल नागेंद्र सिंह ने थाना प्रभारी सर्वेंद्र शर्मा की मौजूदगी में संपत्ति जब्त कर ली। टीम ने किरतपुर की भारतनगर कॉलोनी में 190 वर्ग मीटर का प्लाट और दुकानें तथा भारत नगर कॉलोनी में ही काम्पलेक्स-दुकानों समेत तकरुबपुर उर्फ इसराजखेड़ी में करीब 63 लाख की जमीन को कुर्क किया गया है। दुकानों समेत कुल एक करोड़ 74 लाख 28 हजार की संपत्ति को जब्त कर लिया गया। संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई है।
कोर्ट में रखेंगे अपना पक्ष : चेयरमैन
चेयरमैन अब्दुल मन्नान ने कार्रवाई को नियम विरुद्ध बताते हुए कहा कि वाद की सुनवाई के लिए 18 फरवरी नियत की गई थी। सुनवाई से पूर्व ही किरतपुर में प्रशासनिक अमले ने उनकी संपत्ति को कुर्क कर लिया है। इस संपत्ति में उनके भाइयों का भी हिस्सा है। उसके बावजूद भी प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा बंटवारा नहीं कर सभी संपत्ति को कुर्क कर लिया। उन्होंने कार्रवाई को सत्ता पक्ष के दबाव में बताते हुए कहा कि वह न्यायालय का सम्मान करते हैं। हम अपना पक्ष कोर्ट में रखेंगे।
अब्दुल मन्नान का आपराधिक इतिहास
चेयरमैन अब्दुल मन्नान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। फिलहाल गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में संपत्ति को जब्त किया गया है। इन पर कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें हत्या के चार मुकदमे थे, जिनमें अदालत उन्हें दोषमुक्त कर चुकी है। कुल नौ मामलों में दोषमुक्त किया जा चुका है। फिलहाल गोकशी, वन्य जीव संरक्षण, पशु क्रूरता और शस्त्र अधिनियम का केस विचाराधीन हैं।
दो थानों की पुलिस रही मौजूद
चेयरमैन की संपत्ति कुर्क करने केे लिए भारी पुलिस फोर्स को भेजा गया था। नजीबाबाद और किरतपुर थाने की पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान नगीना विधायक मनोज पारस भी पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई को नियम विरुद्ध बताया। हालांकि विधायक भी इस कार्रवाई को नहीं रोक पाए।
किरतपुर के रहने वाले अब्दुल मन्नान, जो गैंगस्टर का अभियुक्त है। उसके द्वारा अवैध तरीके से गैंग बनाकर अर्जित की गई संपत्तियों की डीएम के आदेश पर कुर्क किया गया है। जिसकी कीमत पौने दो करोड़ रुपये है - डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी सिटी