दहेज के लिए जहर देकर मार डाला, रिपोर्ट दर्ज
नूरपुर। ग्राम बिशनपुर बिडरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए पुत्री की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुरादाबाद जनपद के गांव भीकनपुर निवासी जाहिद हुसैन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपनी पुत्री सोनम की शादी चार वर्ष पहले बिशनपुर बिडरा निवासी कासिम के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। कई दिनों से दहेज में कार और दो लाख रुपये लाने को लेकर उसके साथ मारपीट कर रहे थे। बुधवार को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जबरन जहर पिला दिया। पता लगने पर मायके वाले पहुंचे और सोनम को गंभीर हालत में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पति, सास, ससुर समेत नौ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।