खांडसारी इकाइयों ने दो चीनी मिलों से अधिक की गन्ने की पेराई
बिजनौर। जिले में गन्ने की बंपर पैदावार से खांडसारी इकाइयों पर खूब गन्ना आ रहा है। खांडसारी इकाईयों ने करीब साढे़ पांच माह में 84 लाख क्विंटल से अधिक गन्ने की पेराई की है। यह बिजनौर चीनी मिल द्वारा पेराई किए गन्ने के दोगुना से अधिक है। खेतों में खडे़ गन्ने के रकबे को देखते हुए इकाइयों के मई के तीसरे सप्ताह तक चलने की संभावना है।
जिले में 76 खांडसारी इकाई संचालित हैं। इनमें बिजनौर परिक्षेत्र में 59 खांडसारी इकाई तथा धामपुर परिक्षेत्र में 17 इकाई हैं। खांडसारी इकाई ने नवंबर में गन्ने की पेराई शुरू कर दी थी। जिले में गन्ने का रकबा एवं पैदावार बढ़ी है। इसलिए खांडसारी इकाइयों पर गन्ने की कमी नहीं है। सहायक चीनी आयुक्त डीपी मौर्य ने बताया कि 22 अप्रैल तक बिजनौर क्षेत्र की इकाइयों ने 60 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर 7.15 लाख क्विंटल गुड़ व 65 हजार क्विंटल चीनी बनाई। धामपुर क्षेत्र की इकाईयों ने 24.25 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर 2.61 लाख क्विंटल गुड़ तथा 14 हजार क्विंटल चीनी तैयार की है। जिले में नौ लाख क्विंटल गुड़ तथा 79 लाख क्विंटल चीनी बनी है। बिजनौर चीनी मिल ने इस अवधि में मात्र 35 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की है। खांडसारी इकाई बिजनौर चीनी मिल जैसी दो चीनी मिलों से अधिक गन्ने की अब तक पेराई कर चुकी हैं।