चंदक में बालावाली पुल के पास टूटा रेलवे ट्रैक।
- फोटो : अमर उजाला
चंदक में एक कीमैन की सजगता से बड़ा रेल हादसा ठल गया। कीमैन ने ट्रैक पर घूमते हुए बालवाली पुल के पास डाउन लाइन पर तीन इंच चौड़ा एक फैक्चर देखा। उस समय सहारनपुर-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन फैक्चर से कुछ ही दूरी पर थी। कीमैन ने भागकर लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकवाया। इंजन के फैक्चर के ऊपर से गुजरने से पूरी ट्रेन को झटका लगाने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने फिश प्लेट लगाकर ट्रेन को मैनुअल(कम रफ्तार पर) ट्रैक से गुजारा। इस ट्रैक के ऊपर से रात को करीब एक दर्जन ट्रेन गुजरी थीं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
कीमैन दुर्गा सिंह रविवार सुबह बालवाली रेलवे पुल के पास डाउन लाइन पर ट्रैक का निरीक्षण कर रहे थे। उन्हें पुल के पास रेलवे लाइन में फैक्चर दिखाई दिया। फैक्चर करीब तीन इंच तक चौड़ा था। इसी बीच उनको सहारनपुर की ओर से सहारनपुर-मुरादाबाद पैसेंजर आती दिखी। दुर्गा सिंह शोर मचाते हुए लाल झंडी लेकर ट्रेन की ओर दौड़े और ट्रेन को रुकवाया। ड्राइवर ने ट्रेन के इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन फिर भी ट्रेन का इंजन फैक्चर के ऊपर से गुजर ही गया। ट्रेन के फैक्चर के ऊपर से गुजरने पर ट्रेन को जोरदार झटका लगा।
ट्रेन में बैठे यात्री भी झटका लगने से सहम गए। कुछ यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ट्रेन रुकते ही वे नीचे उतर आए। दुर्गा सिंह ने लाइन में फैक्चर होने के बारे में बताया। फैक्चर का पता चलते ही रेलवे अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने फिश प्लेट लगवाकर करीब पौन घंटे बाद ट्रेन को गुजरवाया। ट्रेन को मैनुअल पर ट्रैक से गुजारा गया। सभी ने कीमैन दुर्गा सिंह के हौसले को सलाम किया। रेलवे पथ निरीक्षक मनीराम के अनुसार ट्रैक पर फिश प्लेट लगाकर ट्रेन काफी कम स्पीड से निकाली गई है। टूटे हुए ट्रैक की वेल्डिंग की जाएगी।