मंडावली थाने में क्षेत्रवासियों की बैठक लेते सीओ प्रवीण कुमार सिंह।
- फोटो : NAZIBABAD
सावन में नहीं होगी कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक
मंडावली/नजीबाबाद। सावन में कोरोना संक्रमण के चलते शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार नहीं जा सकेंगे और न ही मोटा महादेव स्वयंभू सिद्धपीठ मंदिर पर जलाभिषेक किया जाएगा। सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्रीय ग्रामीणों की थाने में आयोजित बैठक में सरकार की गाइड लाइन के अनुसार ही पूजा-पाठ प्रक्रिया जारी रखने की जानकारी दी।
मंडावली थानाध्यक्ष संदीप त्यागी की उपस्थिति में थाना परिसर में आयोजित बैठक में शुक्रवार को सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने श्रावणी कांवड़ यात्रा के संबंध में स्पष्ट किया कि इस वर्ष सावन में कोई भी शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार नहीं जाएगा और न ही मोटा महादेव स्वयंभू सिद्धपीठ मंदिर सहित शिव मंदिरों में शिवभक्त जलाभिषेक कर सकेंगे। गाइड लाइन के अनुसार ही पूजा-अर्चना की जा सकेगी।
मोटा महादेव मंदिर के पुजारी शशिनाथ, ग्राम प्रधान सागर सिंह, पूर्व प्रधान राकेश त्यागी, चरण सिंह त्यागी, राजेंद्र सिंह, शमीम अहमद, मो.अली, शहाबुद्दीन सहित क्षेत्रीय ग्रामीणों की बैठक में सीओ ने कहा कि पूजा-अर्चना और इबादत के संबंध में कोई भी व्यक्ति सरकार की गाइड लाइन के विपरीत कार्य करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी संदीप त्यागी, एसआई घनश्याम सिंह, जितेंद्र धामा मीटिंग में उपस्थित रहे।