कांवड़ियों के लिए कोरोना की जांच जरूरी
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कहा कि हरिद्वार से कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोरोना की जांच कराना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क और कोविड प्रमाण पत्र के किसी भी व्यक्ति को हरिद्वार में प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि इन निर्देशों के अनुपालन के लिए जिले में स्थापित सभी पुलिस चैक पोस्ट पर पुलिस स्टाफ द्वारा इन प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी और बिना प्रमाण पत्र पाए जाने वाले व्यक्ति को कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही जनपद में किसी भी मंदिर अथवा अन्य स्थानों पर कांवड़ यात्रियों के लिए जलपान शिविरों को भी नहीं लगाने दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने महाशिवरात्रि त्योहार को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन में स्पष्ट निर्देश हैं कि कोविड-19 के दृष्टिगत कांवड़ यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं कोविड टेस्ट प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है, जिससे किसी भी स्तर पर कोरोना संक्रमण न फैल सके। इसके साथ ही इस बार कांवड़ यात्रियों के लिए मंदिरों एवं विभिन्न स्थानों पर की जाने वाली जलपान की व्यवस्था के लिए आयोजित होने वाले शिविरों पर पाबंदी रहेगी।
डीएम ने सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव को निर्देश दिए कि छह से 12 मार्च तक एक स्वास्थ्य मोबाइल वैन की गांव भागूवाला में स्थायी व्यवस्था की जाए। जिससे अचानक बीमार होने वाले कांवड़ यात्रियों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि वे आठ मार्च से पूर्व मोटाढाक सहित सभी मार्गों विशेष रूप से कांवड़ मार्गों की मरम्मत का कार्य पूरा कराते हुए सड़क किनारे के गडढों को भी भरवाएं। नगर निकायों के सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों एवं उसके आसपास के स्थानों पर सफाई की समुचित व्यवस्था करें और सड़कों पर स्वच्छ पेयजल तथा मोबाइल शौचालयों का भी प्रबंध करें।
इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एसपी धर्मवीर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र, समस्त एसडीएम, कृषि उप निदेशक, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति भार्गव, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।