Bijnor News: भोगपुर गांव में मदन ने अपने छोटे भाई कमल की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद उसके शव को उपलों की चिता बनाकर जला दिया। पुलिस जलती चिता में से शव को निकाला। आरोपी की तलाश की जा रही है।
चांदपुर के गांव भोगपुर में जमीन के विवाद में मदन ने अपने अविवाहित छोटे भाई कमल (48) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मदन हत्या के बाद शव को खेत में ले गया और उपलों की चिता में जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आग बुझाकर शव निकाला।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह 11:30 बजे मदन का अपने छोटे भाई कमल से झगड़ा हुआ। कमल टॉयलेट पर ताला लगाने लगा। तभी मदन ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर कमल की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को बुग्गी में खेत पर ले गया। उपलों की चिता बनाकर आग लगाकर भाग गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जलती चिता को बुझाकर शव निकाला।
एसपी अभिषेक झा ने बताया कि दोनों भाई एक ही मकान में रहते थे, दोनों के बीच एक महीने से झगड़ा चल रहा था। झगड़े के बीच अब कमल शादी करने के लिए कहने लगा। जिस पर आने वाले खर्च के लिए कमल ने अपने हिस्से की कुछ जमीन भी बेचनी चाही। मदन इसका विरोध कर रहा था। इसी कारण उसने कमल की हत्या कर दी। पुलिस ने कमल के चाचा भोपाल की तहरीर पर आरोपी भाई मदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।