प्रदेश संगठन मंत्री की माता के निधन पर शोक जताने गांव हुर्रनंगला पहुंचे राजनेता
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की माता के निधन के बाद उनके आवास पर शोक व्यक्त करने के लिए नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पांचवें दिन राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद सहित काफी संख्या में राजनेता उनके आवास पर पहुंचे।
नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम हुर्रनंगला के मूल निवासी भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सैनी की माता भाग्यवती देवी का पिछले पांच जुलाई की रात्रि करीब नौ बजे निधन हो गया था। बुधवार को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह, भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री धर्म सिंह सैनी, हरिद्वार के अवधूत मंडल आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, पूर्व एमएलसी सुबोध पाराशर आदि नेताओं ने संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह के आवास पर पहुंचकर उनकी माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर पूर्व मंत्री अशोक कटारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान उर्फ बॉबी, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, सुभाष बाल्मीकि, प्रमोद चौहान आदि मौजूद रहे।
- 17 जुलाई को होगी आरिष्टि
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान ने बताया कि प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की माता भाग्यवती देवी की आरिष्टि 17 जुलाई को होगी। आरिष्टि कार्यक्रम धामपुर मार्ग पर स्थित स्वास्तिक गार्डन में होना निश्चित हुआ है।
अमित शाह और राजनाथ सिंह के पहुंचने की संभावना
गृहमंत्री अमित शाह तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी ग्राम हुर्रनंगला में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारी प्रारंभ कर दी है। प्रशासन ने संगठन मंत्री के आवास के बाहर एक खाली स्थान पर बड़ा वाटरप्रूफ टैंट लगवाने का काम शुरू दिया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे गांव हुर्रनंगला आएंगे।