अफजलगढ़ में कच्ची शराब के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
मंडावली/अफजलगढ़। जिले में पुलिस की टीमों ने मंडावली आैर अफजलगढ़ क्षेत्र में कच्ची शराब की भट्ठियां पकड़ीं आैर हजारों लीटर शराब बरामद की गईं। चुनाव के दौरान कच्ची शराब का धंधा तेज हो गया है। मंडावली थानाध्यक्ष एसके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार दोपहर गांव विजयपुर के जंगल क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को मुखबिर द्वारा विजयपुर के जंगल में कच्ची शराब बनाने की खबर मिली थी।
पुलिस की दबिश पड़ते ही कच्ची शराब बनाने में जुटे लोग भाग निकले। पुलिस ने भाग रहे सुंदर सिंह को दबोच लिया। टीम ने मौके से 200 लीटर कच्ची शराब बरामद की। करीब 600 लीटर लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) नष्ट कर दिया। टीम ने शराब बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण कब्जे में लिए। थानाध्यक्ष की ओर से विजयपुर निवासी सुंदर सिंह एवं उसके फरार साथियों गांव नंगला पिथौरा निवासी पिंटू व उमेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। थानाध्यक्ष ने इस कार्रवाई से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। उधर, अफजलगढ़ में भी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब की बिक्री रोकने को सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस ने कच्ची शराब बनाने की भट्ठी और उपकरण बरामद किए। दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर हजारों लीटर लाहन नष्ट किया। कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि जमनपुर में ग्रामीण काकू को जंगल में शराब बनाते पकड़ा । एक भट्ठी शराब बनाने के उपकरण 340 लीटर कच्ची शराब और साढ़े चार हजार लीटर लाहन नष्ट किया। गांव शेरगढ़ के जंगल से पुलिस ने विपिन को भी शराब बनाते दबोचा। उसके पास से डेढ़ सौ लीटर कच्ची शराब पकड़ी और साढ़े तीन हजार लीटर लाहन नष्ट कराया। अभियान जारी रहेगा।