बिजनौर के ग्राम जंदरपुर में दो पक्षों में पथराव के बाद जमा हुई भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में गांव जंदरपुर में टेंपो का किराया ज्यादा लेने पर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव होने से अफरातफरी मच गई। पथराव में टैंपू के शीशे टूट गए और दो मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे अफसर बिजनौर से टैंपू लेकर मंडावर जा रहा था। बिजनौर से जंदरपुर का सात रुपये किराया लिया जाता है। अफसर ने जंदरपुर में सवारी उतारने के दौरान दस रुपये किराया मांग लिया। इस बात पर टैंपू में सवार होकर आए लोगों से अफसर का विवाद हो गया। दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। अफसर के साथ इन लोगों ने मारपीट कर दी। अफसर मंडावर सवारी उतारने चला गया। उसने अपने परिजनों को जंदरपुर गांव में बुला लिया। खुद भी सवारी उतारकर वहां पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंडावली से आए लोगों ने जंदरपुर के लोगों से मारपीट शुरू कर दी।
दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया। पथराव होने से अफरातफरी मच गई। मंडावली के लोग भागकर प्रधान के पति शौकत के घर पहुंच गए। जंदरपुर के लोगों ने वहां भी धावा बोल दिया। मंडावली के लोग शौकत के मकान की छत पर चढ़ गए। यहां भी दोनों पक्षों में खूब पथराव हुआ। इस दौरान एसपी अजय साहनी मंडावर की ओर जा रहे थे।
पथराव होता देखकर एसपी खुद जंदरपुर गांव में रुक गए। पुलिस को मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर दोनों पक्षों के लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने पथराव में शामिल दोनों पक्ष के लोगों की तलाश शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। पथराव में अफसर के टैंपू के शीशे टूट गए व दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
विवाद में दोनों पक्षों के शाहजहां, अफसाना, शुऐब, मोहसिन, मुन्नु, मुस्तकीमा व शकीरन घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक दोनों पक्षों की तहरीर का इंतजार है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।