बिजनौर में अखिल भारतीय जाट मंच की बैठक में समाज को एकजुट करने पर जोर दिया गया। 29 अगस्त को बिजनौर में जिलास्तरीय जाट सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन की तैयारी के लिए मंच के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
गन्ना समिति के सभागार में मंच के प्रदेश महासचिव अशोक चौधरी की अध्यक्षता व प्रधान पुष्पेंद्र सिंह के संचालन में अखिल भारतीय जाट मंच की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर सिंह सूप ने कहा कि समाज के हकों की लड़ाई समाज को एकजुट कर मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों का उत्पीड़न कतई बरदाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके लिए जगह-जगह सम्मेलन कर समाज के व्यक्तियों को संगठित किया जाएगा। उन्होंने जाट समाज को केंद्र में अभी तक आरक्षण व्यवस्था लागू नहीं किए जाने पर चिंता जताई। कहा कि आरक्षण की लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। मंच के प्रदेश महासचिव अशोक चौधरी ने बताया कि संगठन को मजबूती प्रदान करने तथा समस्याओं पर चर्चा करने के लिए 29 अगस्त को काकरान वाटिका में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारी पर जोर दिया गया।