जनता कर्फ्यू एक दिन का, राशन महीनेभर का खरीदा
बिजनौर। कोरोना पर सतर्कता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद शुक्रवार को बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। सब्जियों, खाने पीने की जरूरी वस्तुओं की खूब खरीदारी की गई। जनता खाने पीने की चीजों का स्टॉक तो करती रही लेकिन भीड़ में न जाने की अपील का जिलेवासियों पर असर नहीं दिखा। गैर जरूरी जगहों पर भी लोग मौजूद रहे। यहां तक कि कपड़ों की दुकानों पर भी उपभोक्ता मौजूद रहे। अगर जिलेवासी कोरोना को हराने में पूरे देश के साथ मिलकर लड़ना चाहते हैं तो उन्हें सतर्कता के हथियार को अपनाना होगा।
बृहस्पतिवार को सभी की निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश पर टिकीं रहीं। शुक्रवार को सुबह से ही मंडी में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इसका असर यह हुआ कि थोक में 1800 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा आलू 1900 रुपये प्रति क्विंटल बिका, लेकिन फुटकर मूल्यों में बढ़ोतरी नहीं हुई। सब्जी मंडी में जाम के हालात रहे। सभी काफी सब्जी खरीदकर ले गए। ग्राहकों की भीड़ के बाद भी सब्जियों के दामों में कोई उछाल नहीं आया। आलू के दाम 20 से 22 रुपये प्रति किलोग्राम ही रहे। टमाटर 20, शिमला मिर्च 53, नींबू 80, पालक 40, प्याज 35, फूल गोभी 25 रुपये प्रति किलो बिकी। बाजार में कई दिन से इन सब्जियों के यही दाम चल रहे हैं।
तेल, नमक, दाल आदि खरीदने के लिए किराना की दुकानों और जरूरी दवाई खरीदने के लिए मेडिकल स्टोर पर भी उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। यह सब जरूरी सामान था। लेकिन उपभोक्ता शुक्रवार को भी गैर जरूरी सामान की खरीदारी से बाज नहीं आए। कपड़े, जूतों की दुकानों पर भी ग्राहक आते रहे। मुख्य बाजार से लेकर नगर पालिका चौक तक सड़कों पर भारी आवाजाही रही। कुछ युवा अपनी टोलियों में बाजार में दिखाई दिए। जबकि कोरोना को हराने के लिए हमे भीड़ में जाने की आदत कुछ दिनों के लिए बंद करनी होगी। अभिभावक अपने बच्चे व बच्चे अपने माता पिता के लिए इस बात का ध्यान रखें। अगर कोई बेवजह बाजार या भीड़ में जाने की कोशिश करता है तो उसे टोकें भी और रोकें। बिना भीड़ में जाए कोरोना को हराने के लिए चल रही जंग में अपना पक्ष कमजोर न करें।
भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने किसानों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाने की अपील की है। कहा कि किसान अगर चीनी मिल में भी जाएं तो एक जगह एकत्र न हों। वे अपने वाहनों पर ही बैठें। हर वक्त कपड़ा मुंह पर बांधें रहें। कहा कि जिले की सभी चीनी मिल सैनिटाइजेशन करा रही हैं। किसान कोरोना को हराने में अपना पूरा दमखम लगा दें।
आलू-प्याल की जमकर हुई खरीदारी
फोटो 20
नगीना। प्रधानमंत्री की अपील का असर शुक्रवार को नगीना के बाजार पर साफ दिखाई दिया। लोगों ने घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की। शुक्रवार सुबह कोतवाली रोड पर स्थित फल, सब्जी, आढ़त पर लोगों ने आलू और प्याज की खरीदारी की। लोगों को आलू के 50 किलो कट्टे ई रिक्शा पर ले आते हुए देखा गया। आलू की खरीदारी ज्यादा होने पर 50 से 100 रुपये कट्टे का उछाल भी मंडी में नजर आया। नगर के मुख्य मार्ग बड़े मंदिर के पास स्थित किराने की दो बड़ी दुकानों पर पूरे दिन खाद्य सामान खरीदने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने आटा, चावल, सूखे दूध की थैली खरीदने में खास रुचि दिखाई। मंडी माल गंज में स्थित सब्जी की दुकानों में लोगों ने सब्जी की जमकर खरीदारी की। सोशल मीडिया पर देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़े बाजारों के बंद होने की सूचना आने पर नगीना का बाजार भी बंद हो जाने की आशंका के चलते लोगों ने जरूरी सामान खरीदने में ही भलाई समझी। कई लोगों ने बताया कि कुछ दुकानदार अंकित मूल्य से अधिक रेट पर सैनिटाइजर बेच रहे हैं। व्यापार मंडल नगीना के अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम राइन का कहना है कि शुक्रवार को रोजाना के मुकाबले आलू की दोगुनी बिक्री हुई। किराना विक्रेता अमित जैन विक्की ने बताया कि रविवार को प्रस्तावित जनता कर्फ्यू का खाद्य सामानों की बिक्री पर असर तो दिखाई दिया लेकिन कोई खास बढ़ोतरी नहीं दिखी।