5283 मरीजों का हुआ नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
बिजनौर। जिले में संचालित प्राथमिक और उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हुआ। जिलेभर में कुल 62 स्थानों पर लगे स्वास्थ्य मेलों में 98 चिकित्सकों और 496 पैरामेडिकल स्टाफ ने लगभग 5283 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें से 14 मरीजों को उच्चस्तरीय जांच और उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। कोविड हेल्प डेस्क पर करीब 1670 मरीज पहुंचे। इनमें से 828 के रैपिड एंटीजन किट से टेस्ट किए गए। इस दौरान लगभग 267 लाभार्थियों के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए गए।
शासन के निर्देश पर हर रविवार को जिले में संचालित प्राथमिक और उप प्राथमिक 62 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाता है। इस रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव ने फतेहपुर कला के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां पर लगाए गए विभिन्न स्टाल देखे। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेलों में लगभग 98 चिकित्सकों और करीब 496 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। मेलों में आए विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 5284 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाई दी गई। इनमें 1962 पुरुष, 2418 महिलाएं और 903 बच्चे शामिल रहे। इनमें से 14 मरीजों को उच्चस्तरीय जांच और उपचार की आवश्यकता होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 267 गोल्डन कार्ड बनाए गए।