बढ़ापुर-नगीना मार्ग स्थित ग्राम कृष्णानगर, फूलनगर की सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में रोजाना की तरह बुधवार को भी सुबह से ही ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई। ड्यूटी पर पहुंचे बैंककर्मियों ने 11 बजे बैंक में धनराशि न होने की बात बताई तो सुबह से लाइन में लगे ग्राहकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
बैंक के सामने बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग बैंककर्मियों और बैंक प्रबंधक पर ग्राहकों के साथ बदसलूकी करने, अकारण ग्राहकों को परेशान करने एवं अपने चहेतों को मनचाही धनराशि देने का आरोप लगा रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
दोपहर तीन बजे बैंक में कैश पहुंचने पर धनराशि के लेनदेन का कार्य प्रारंभ हो सका। बैंक प्रबंधक विजय कुमार ने बैंक ग्राहकों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्राप्त धनराशि के मुताबिक ही लेनदेन का कार्य किया जा रहा है।