जजी की मंडावर रोड वाली दीवार गिराई, धरने पर बैठे वकील
बिजनौर। बृहस्पतिवार को जजी के मंडावर रोड की ओर वाले गेट की बंद कराई दीवार को किसी ने गिरा दिया। इसे लेकर हड़कंप मचा रहा। जबकि जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में गेट के पास अधिवक्ता धरने पर बैठ गए। जबकि जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव ने वकीलों द्वारा दीवार गिराए जाने से इंकार किया है।
सीजेएम न्यायालय में पेशी पर आए नजीबाबाद के चर्चित हाजी अहसान हत्याकांड के आरोपी शाहनवाज अंसारी की 17 दिसंबर 2019 को अदालत में पेशी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद अदालतों की सुरक्षा को लेकर मामले को हाईकोर्ट ने संज्ञान में लिया था। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से जजी के मंडावर रोड की तरफ वाले गेट पर दीवार कराकर इसे बंद कर दिया था तथा एक ही गेट से वकीलों और वाद कारियों की आवाजाही की व्यवस्था की गई थी। इससे वकीलों में रोष पैदा हो गया था।
वकीलों का कहना है कि मंडावर रोड की तरफ वाला गेट जजी का सबसे प्राचीनतम गेट है और करीब 80 प्रतिशत वकील और वादकारी इसी गेट से जजी में आते जाते हैं। इसे लेकर वकील लंबे समय से मंडावर रोड की तरफ वाले इस गेट से वकीलों और उनके क्लर्कों की एंट्री की मांग करते चले आ रहे थे। आंदोलनरत वकीलों की मांग पूरी न होने पर उनमें भारी रोष था। हाईकोर्ट द्वारा वकीलों को अलग एंट्री देने के आदेश के बावजूद गेट से एंट्री नहीं हो पाई थी। बाद में पुलिस, प्रशासन, अधिवक्ताओं एवं उनके क्लर्कों को बायोमैट्रिक तरीका इस्तेमाल कर मंडावर रोड की तरफ वाले गेट से एंट्री देने के लिए सहमति बनी थी।
बृहस्पतिवार को किसी ने दीवार को गिरा दिया। इसे लेकर हड़कंप मचा रहा। जिला बार अध्यक्ष एसके बबली और महासचिव नवदीप सिंह के अनुसार यह दीवार वकीलों ने नहीं गिराई है। दीवार गिरने का पता चलने पर वकील धरने पर बैठ गए। शाम को एसपी संजीव त्यागी मौके पर पहुंचे। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके बबली और महासचिव नवदीप सिंह, पूर्व अध्यक्ष राजीव चौहान, राकेश कुमार सिंह, रामेंद्र सिंह, पीतांबर सिंह, मनोज कुमार सिंह वकील वहां पर मौजूद थे।
आज न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे वकील
बिजनौर। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके बबली और महासचिव नवदीप सिंह के अनुसार हाईकोर्ट बैंच स्थापना संघर्ष समिति के आह्वान पर 14 फरवरी को वकील न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल मेरठ में होने वाली संघर्ष समिति की बैठक में भाग लेने के लिए 14 फरवरी को मेरठ जाएगा।