स्योहारा में अपने आवास पर सपा प्रत्याशी नईमुलहसन।
- फोटो : BIJNOR
जनता को नहीं समझा पाए मुद्दे, करते रहेंगे संघर्ष : नईमुल हसन
स्योहारा। नईमुलहसन जुमे की नमाज के बाद अपनी चौपाल में बैठे समर्थकों का आभार व्यक्त कर रहे थे। उनका कहना है कि हम जनता को मुद्दे नहीं समझा पाए। चुनाव में 203 वोटों हार जाने के बाद सपा प्रत्याशी ने कहा कि हम आगे भी संघर्ष जारी रखेंगे।
उन्हें लगता है कि वह महंगाई, बेरोजगारी, किसानों का उत्पीड़न, कानून व्यवस्था की बिगड़ती हालत आदि पर अपनी बात जनता के समक्ष ठीक से नहीं रख पाए। भारतीय जनता पार्टी जनता को धोखा देने में कामयाब रही। उसके झूठ को सच समझा गया। जबकि हमारे सच को झूठ समझा गया। वो चुनाव की तैयारी में चूक नहीं मानते। उनका कहना है कि सब लोगों ने बड़ी मुहब्बत, बड़े प्यार, बड़े ही जोश के साथ चुनाव लड़ाया है। सब के साथ मिलकर संघर्ष करूंगा, सब के बीच रहूंगा। उनका कहना है कि मतगणना में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई। लेकिन 200, 250 मतों से सौ से भी अधिक सीटों पर हार हुई है। इसे लेकर आम चर्चा तो है ही कि सरकार होने का इतना फायदा तो मिलता ही है, दूसरी ओर विजयी प्रत्याशी के समर्थकों का ये दावा की हमें तो जीतना ही था शक तो पैदा करता है। अपनी हार को स्वीकार करते हुए वह कहते हैं कि अब परिणाम घोषित हो चुका है, इस सब का कोई फायदा नहीं है। कुछ समय के बाद लोकसभा के चुनाव आएंगे, फिर विधानसभा के चुनाव आएंगे तब देखा जाएगा।