बिजनौर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति की मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में समिति के सभापति किरण पाल कश्यप ने बिलाई चीनी मिल द्वारा गत पेराई सत्र 2024-25 का पूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
सभापति ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि यदि 15 दिन के अंदर किसानों के गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान नहीं किया जाता, तो मिल की आरसी जारी की जाए। किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले में मानव गुलदार संघर्ष को न्यूनतम स्तर पर लाने का प्रयास करें। यह भी प्रयास करें कि कोई जन हानि न होने पाए। उन्होंने बिजनौर, अमरोहा के अफसरों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का 15 दिन के भीतर लिखित जवाब देना सुनिश्चित करें। सभापति ने जिलाधिकारी द्वारा नियमानुसार सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने की प्रशंसा की।
-बारीकी से सभी विभागों की समीक्षा
बैठक में सभापति किरण पाल कश्यप व अन्य सदस्यों ने ग्राम्य विकास, नगर विकास, सिंचाई, बेसिक शिक्षा, विकास, राजस्व, चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवा, खाद्य एवं रसद, गृह, ऊर्जा, आबकारी, सांस्कृतिक, पर्यटन, होमगार्ड, पर्यावरण, पंचायती राज, लोक निर्माण, डूडा आदि की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम जसजीत कौर ने सभापति को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप सदस्यों के पत्रों का निस्तारण समय पूर्वक किया जाएगा।
यह रहे उपस्थित
बैठक डीएम अमरोहा निधि गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद, सीडीओ पूर्ण बोरा, सीडीओ अमरोहा अश्वनी कुमार मिश्रा, एडीएम वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अमरोहा गरिमा सिंह आदि उपस्थित रहे।