बिजनौर में सिंचाई विभाग के गोदाम में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में सिंचाई विभाग के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का माल जल गया। आग लगने से विभाग में अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जेसीबी से गोदाम का ताला तोड़कर फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। उधर, एक अन्य घटना में एक दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का माल जल गया।
बैराज रोड पर सिंचाई विभाग का गोदाम है। गोदाम में प्लास्टिक के पाइप और लोहे का माल रखा है। गोदाम के बाहर की ओर नाली में सूखी झाड़ियां खड़ी थीं। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार, सोमवार दोपहर किसी ने इन झाड़ियों में आग लगा दी। आग किसी तरह गोदाम तक आ गई और प्लास्टिक के पाइप में लग गई। गोदाम से धुआं निकलता देखकर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। गोदाम का गेट भी जेसीबी से तोड़ा गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में पांच से छह लाख रुपये का माल जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं, नजीबाबाद रोड स्थित प्रगति विहार निवासी राजीव सिंघल को बैराज कॉलोनी में मां जगदंबा के नाम से प्रोविजन स्टोर है। वह रविवार शाम दुकान बंद कर अपने घर चले गए।
रात करीब 11 बजे जब बैराज कॉलोनी के लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा तो दुकान स्वामी व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत से आग बुझाई। आग इतनी तेजी से लगी कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर गया। राजीव सिंघल ने बताया कि दुकान में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। उनका करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया है।