-जांच समिति ने उच्चाधिकारियों को भेजी रिपोर्ट
-रिपोर्ट को रखा गया गोपनीय, हर पहलू पर की गई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर : वर्धमान कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की जांच पूरी हो गई है। जांच समिति ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अभी जांच रिपोर्ट को गोपनीय रखा गया है।
दिल्ली निवासी मोहम्मद सरवी अल्वी ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि वर्धमान कॉलेज में 27 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इस भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए शासन को शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद शासन ने इस मामले की जांच प्रशासन को सौंप दी। इसमें एडीएम प्रशासन विनय कुमार की अध्यक्षता में चार सदस्य कमेटी का गठन कर दिया गया था। इसमें क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली, सेवायोजन अधिकारी बिजनौर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बिजनौर भी शामिल थे। जांच समिति ने कई तारीख लगाते हुए कॉलेज और उच्च शिक्षा विभाग से तथ्यों का मिलान करते हुए जांच की थी। अब जांच पूरी करते हुए समिति ने अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
उधर, जांच समिति जांच रिपोर्ट गोपनीय रखने की बात कह रही है। वहीं सूत्रों की मानें तो जांच के दौरान कई तथ्य ऐसे भी सामने आए हैं, जो कई आरोपों की पुष्टि कर रहे हैं। वहीं उच्च शिक्षा विभाग ने अपनी ओर से सबकुछ ठीक होेने का दावा किया था। इस मामले में शिकायतकर्ता ने पत्र भेजकर कहा था कि उसकी जान को खतरा है। इसलिए वह बयान देने नहीं आ सकता। उसकी शिकायत को ही उसके बयान मान लिए जाएं।
जांच पूरी हो गई है और जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। सभी बिंदुओं पर जांच की गई है। जांच रिपोर्ट गोपनीय है, इस पर उच्चाधिकारियों को ही निर्णय लेना है।
विनय कुमार, एडीएम प्रशासन, बिजनौर