नगीना। खुद को दरोगा बताकर रिश्ता तय करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवती पक्ष ने जांच पड़ताल की तो उसके द्वारा दिखाया गया नियुक्ति पत्र एवं अन्य कागजात फर्जी निकले। इस पर युवती पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया, लेकिन आरोपी पक्ष ने रिश्ते में ली गई रकम वापस नहीं की। युवती के पिता की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बाद आरोपी ग्राम बिंजाहेड़ी निवासी अवनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा कि उसने अपनी पुत्री की शादी के लिए क्षेत्र के ग्राम बिंजाहेड़ी निवासी अवनीश कुमार को देखा था। रिश्ते की बातचीत के समय अवनीश कुमार ने खुद को थाना सिंभावली जनपद हापुड़ में सब इंस्पेक्टर तैनात होना बताया था।
कि अवनीश कुमार व उसके परिजनों की बातों पर विश्वास करते हुए उन्होंने अपनी पुत्री का रिश्ता उससे तय कर दिया। यह भी आरोप लगाया गया कि बीच-बीच में अवनीश उनसे रुपये लेता रहा तो उन्हें उसके पुलिस विभाग में होने पर शक हुआ। छानबीन करने पर पता चला कि अवनीश दरोगा नहीं है तथा उसने फर्जी कागजात तैयार कर रखे हैं तथा उनके आधार पर धोखाधड़ी करके शादी करना चाहता था। वह लोग हापुड़ पुलिस लाइन पहुंचे तो अवनीश दरोगा की वर्दी पहने हुए उनके सामने आया तथा उसने फर्जी नियुक्तिपत्र भी दिखाया। नियुक्तिपत्र व अन्य चीजों की हापुड़ पुलिस लाइन में जानकारी की गई हो पता चला यह सब फर्जी हैं।
आरोपी पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत नहीं है। इसका पता लगने पर वह उसके परिजनों से मिले तथा रिश्ता खत्म करने की बात कहते हुए रिश्ते में दिया गया सामान व रुपये वापस देने की मांग की। गणमान्य लोगों की मौजूदगी में फैसला के दौरान कुछ सामान और रुपये तो वापस मिल गए लेकिन दो 78 हजार 170 रुपये वापस नहीं किए गए। सीओ राजेश कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।