अनुदेशकों ने किया प्रेरणा एप का बहिष्कार
बिजनौर। शिक्षकों के प्रेरणा एप का विरोध करने के अब अनुदेशकों ने भी प्रशिक्षण का विरोध कर प्रदर्शन किया। साथ ही शिक्षा मित्रों ने प्रेरणा एप का प्रशिक्षण लिया है। शिक्षा विभाग के अफसर प्रशिक्षण के लिए अनुदेशकों को मनाते रहे। पर वह नहीं माने। बाद में शिक्षा मित्रों को प्रशिक्षण देकर खाना पूर्ति की गई।
उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ व उप्र जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के आह्वान पर जिले के शिक्षक प्रेरणा एप का प्रशिक्षण नहीं ले रहे हैं। शासन के निर्देश पर अब बेसिक शिक्षा विभाग के अफसर जिले के शिक्षा मित्रों व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में तैनात अनुदेशकों प्रेरणा एप का प्रशिक्षण कराना शुरू किया गया है। शुक्रवार को बीआरसी जमालपुर पठानी में अनुदेशक शिक्षक संघ के वरिष्ठ नेता देवेंद्र पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, जितेंद्र बुटार के नेतृत्व में अनुदेशकों ने प्रेरणा एप के प्रशिक्षण का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। अनुदेशकों का दावा था कि यह एप शिक्षाकर्मियों के हक में नहीं हैं। इससे कोई फायदा होने वाला नहीं है। उन्होंने अनुदेशकों का पूर्व में घोषित मानदेय 17 हजार रूपए प्रति महीने करने की वकालत की। इस दौरान प्रशिक्षण देने आए जिला समन्वयक सलीम अख्तर बेग ने अनुदेशकों को समझाने की कोशिश की पर वह नहीं माने। अनुदेशकों ने बीआरसी सभा कक्ष के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। साथ ही कफी संख्या में ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के शिक्षा मित्रों ने प्रेरणा एप का प्रशिक्षण लिया। जिला समन्वयक ने शिक्षा मित्रों को प्रेरणा एप में काम करने के तरीके भी बताए। इस दौरान कई शिक्षा मित्रों ने प्रेरणा एप को लोड भी किया।