डेंगू से महिला की मौत
बिजनौर। जिले में डेंगू की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। तमाम लोग डेंगू की चपेट में हैं। कई लोगों को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग डेंगू के मामलों में पर्दा डालने में जुटा है।
जिले में डेंगू ने पूरी तरह पैर पसार लिए हैं। शहर से लेकर गांव तक यह बीमारी फैली हुई है। प्राइवेट चिकित्सकों के पास रोजाना आठ से दस डेंगू के रोगी आ रहे हैं। मोहल्ला नई बस्ती बी 14 निवासी शहजाद कर पत्नी रेशमा चार दिन पहले डेंगू की चपेट में आ गई थी। मेरठ में उसका उपचार कराया गया, दो दिन पहले उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उनके पास रेशमा को डेंगू होने की जांच रिपोर्ट है। मोहल्ला नई बस्ती निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा की पत्नी अनीता शर्मा भी डेंगू की चपेट में आ गई हैं। कुलदीप की पत्नी प्रीति को भी डेंगू है। इनके अलावा कई और लोग डेंगू की चपेट में हैं। लोगों के मुताबिक बिजनौर के तमाम डेंगू के रोगी मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती हैं। कई लोग मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उधर स्वास्थ्य विभाग जिले में डेंगू का प्रकोप होने से इंकार कर रहा है।