नूरपुर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने थाने में समाधान दिवस में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिया। उन्होंने समाधान दिवस में मौजूद लेखपालों को ग्राम पंचायत की भूमि, तालाबों व चारागाहों पर हुए अवैध कब्जों को चिह्नित कर कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने थाने का निरीक्षण कर अभिलेखों के सही रख रखाव करने को कहा।
शनिवार को डीएम रमाकांत पांडेय समाधान दिवस में पहुंचे और लेखपालों को भूमि लेख नियमावली, लेखपाल नियमावली प्राप्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों को भूमि मापक उपकरण गुनिया, जरीफ देखते हुए दैनिक डायरी बनाने के भी निर्देश दिए। डीएम ने लेखपालों से खसरा, खतौनी बनाना व रवि की फसल बुआई के आंकड़े जुटाने को कहा। उन्होंने लेखपालों को ग्राम पंचायत की भूमि तालाब, चारागाह आदि भूमि को कब्जामुक्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि कब्जाधारियों को चिह्नित कर उनके विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराएं।
समाधान दिवस में शिकायत लेकर पहुंचे पुरैना निवासी शीशराम की शिकायत पर हल्का लेखपाल दिनेश कुमार को मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराने को कहा। डीएम ने थाने पहुंचकर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने क्षेत्र के गांव पुरैना अब्दुर्रहमानपुर में शिकायतकर्ता शीशराम की शिकायत पर थाने के अभिलेख में दर्ज चकरोड की शिकायत को हल्का लेखपाल दिनेश कुमार को मौका मुआयना कर समाधान के निर्देश दिए। गांव फैजपुर के ओमप्रकाश द्वारा दर्ज कराई गई पानी की नाली की शिकायत पर ओमप्रकाश से फोन पर जानकारी ली। ओमप्रकाश ने बताया कि हल्का दारोगा महेश कुमार द्वारा दोनो पक्षों के बीच समझौता कराकर समस्या का समाधान करा दिया गया है।
गांव रोशनपुर जागीर के किसान हरपाल सिंह, मनोज कुमार, फकीरचंद, आदेश कुमार आदि द्वारा मुरादाबाद हाइवे के किनारे खेतों में नगरपालिका का गंदा पानी भरा होने की शिकायत करते हुए कहा कि खेतों में पानी भरा होने के कारण उनकी रवि की फसल की बुआई नही हो सकी है। उन्होंने समस्या के स्थाई समाधान की मांग की। समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने थाने के कार्यालय, मालखाने, व अभिलेखों केे निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को अभिलेखों का सही रख रखाव करने और थाना परिसर की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी केपी सिंह, सीओ आरके श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक रोहताश सिंह, हुकुम सिंह, खचेडू सिंह, नरेशपाल सिंह, आदि मौजूद रहे।