पोर्टल पर सूचनाएं शीघ्र अपलोड कराने के निर्देश
बिजनौर। एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2021 को सुचारु एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूचनाएं निर्धारित प्रारूप पर न भेजे जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वांछित सूचना निर्धारित पोर्टल पर अपलोड नहीं कराई गई तो संबंधित विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
सोमवार को विकास भवन सभागार में निर्वाचन संबंधी बैठक लेकर एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दो निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं अपलोड कराने के निर्देश दिए गए थे। संबंधित सूचनाओं को अपलोड कर उसको ऑनलाइन करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया था। इसके बावजूद कुछ विभागों द्वारा अपने कर्मचारियों की सूचनाओं को अपलोड नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सोमवार शाम तक निर्धारित पोर्टल पर अपलोड नहीं कराया गया, तो उनके विरुद्ध आयोग की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। इस अवसर पर डीआरडीए के परियोजना निदेशक वीपी श्रीवास्तव, उप जिला मजिस्ट्रेट परमानंद झा आदि मौजूद रहे।