रिश्वत लेने के मामले में दरोगा को किया निलंबित
बिजनौर। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने तीन तलाक के मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए रिश्वत लेने वाले दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद निलंबित कर दिया।
रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान निवासी अजीज अहमद की पुत्रवधू ने एक साल पहले लखनऊ में चिकित्सक उसके बेटे के खिलाफ तीन तलाक की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुकदमे की विवेचना तत्कालीन बवनपुरा चौकी प्रभारी सतेंद्र नागर को दी गई थी। दरोगा ने मुकदमा एक्सपंज कराने के नाम पर 15 हजार रुपये ले लिए। और रुपये लेने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। दरोगा ने दबाव बनाकर जून में उन्हें चौकी पर बुलाकर 50 हजार रुपये लिए। मुकदमा खत्म नहीं किया। अजीज अहमद ने इसकी शिकायत आईजी मुरादाबाद रमित शर्मा से की। उन्होंने एसपी ट्रैफिक को जांच सौंपी। जांच में दोषी पाए जाने पर दरोगा के खिलाफ चांदपुर कोतवाली में भ्रष्टाचार अधिनियम समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने दरोगा सतेंद्र नागर को निलंबित कर दिया है। दरोगा वर्तमान में कोतवाली देहात थाने की बरूकी चौकी पर तैनात है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तीन तलाक के मामले में ही नहीं कई अन्य मामलों में भी दरोगा इस तरह का खेल करते आए हैं। किरतपुर थाने में रहने के दौरान भी उनकी कई शिकायत हुईं थीं।