ड्रोन कैमरों से किया छतों का निरीक्षण
बिजनौर। अयोध्या मामले पर फैसले के मद्देनजर शहर में सीआईएसएफ के जवानों के साथ पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। तीन स्थानों पर ड्रोन कैमरे उड़ाकर निगरानी की गई। कैमरे की फुटेज से पुलिस देखेगी कि छतों पर कहीं ईंट, पत्थर तो जमा नहीं हैं। ऐसा हुआ तो तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।
एसपी संजीव त्यागी के नेतृत्व में सीआईएसएफ के जवानों ने पुलिस के साथ प्रदर्शनी मैदान से मार्च शुरू किया। शास्त्री चौक, सिविल लाइन, मुख्य डाकघर चौराहा, राम का चौराहा, मोहल्ला काजीपाड़ा, मेरठ की चुंगी, चांदपुर की चुंगी, जॉनी का चौराहा, बुल्ला का चौराहा, मुख्य डाकघर, रोडवेज बस स्टैंड रोड, आरजेपी इंटर कॉलेज पर जाकर फ्लैग मार्च समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च में एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्रा, शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। कांशीराम कॉलोनी, कस्साबान, चांदपुर की चुंगी पर ड्रोन कैमरे उड़ाकर निगरानी की गई। इसे लेकर लोगों में खलबली मची रही।
शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा के मुताबिक ड्रोन कैमरे की फुटेज देखी जाएगी। अगर कहीं छतों पर ईंट, पत्थर जमा मिले तो तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा। मोहल्ला चाहशीरी के यतीमखाने में एसपी ने इलाके के लोगों की बैठक ली। बैठक में उनसे सहयोग करने के साथ शांति बनाने की अपील की गई। कहा गया कि अयोध्या का जो भी निर्णय आए उसका सभी सम्मान करें। कोई गड़बड़ी करे तो उसके बारे में पुलिस को बताएं। एसपी ने कहा कि पूरे जिले में पुलिस फौर्स तैनात कर दी गई है। हर गतिविधि पर पुलिस की नजर है। कोई भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट न करे। ऐसे लोगों पर रासुका के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।