बिजनौर में जिला प्रभारी व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मात्र 13 मिनट में ही जिला अस्पताल का निरीक्षण कर लिया। जहां एक ओर केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं, वहीं मंत्री जी ने महिला अस्पताल में भी जाना भी गंवारा नहीं समझा।
जिला प्रभारी व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को जनपद का दौरा किया। उन्होंने बिजनौर पहुंचने पर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उसके बाद दो बजकर 44 से दो बजकर 57 मिनट पर वह अस्पताल में रहे। मंत्री श्रीकांत ने सबसे पहले भवन के मुख्य दरवाजे में प्रवेश किया।
उसके बाद सीधे इमरजेंसी में पहुंचे। वहीं प्रयोगशाला के पीछे जला हुआ कूड़ा देखकर उन्होंने अस्पताल सीएमएस डॉ.राकेश दुबे को हिदायत दी कि ऐसा दोबारा नहीं हो। उन्होंने प्रयोगशाला के पीछे ही जमीन का समतल कराने के निर्देश के साथ प्रयोगशाला से बहते पानी को भी बंद करने को कहा।
उसके बाद उन्होंने इमरजेंसी स्थित वार्ड में मरीजों की कुशलक्षेम जानी व शौचालय को देखकर वहां से ही वापस लौट गए। उनके साथ निरीक्षण में सीएमएस डॉ.राकेश दुबे, सीएमओ डॉ. सुखवीर सिंह, नगीना सांसद डॉ. यशवंत सिंह, विधायक सुचि चौधरी, कमलेश सैनी, लोकेंद्र चौहान, ओम कुमार, अशोक राणा, सुशांत सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।