नगीना। रविवार सुबह करीब दस बजे कैंटर की चपेट में आने से बाइक सवार छह वर्षीय हम्माद पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला कुल्हाड़ा शेरकोट की मौत हो गई। हादसे में हम्माद की मां हुमा (30) और उसका भांजा थाना कोतवाली देहात के मोहल्ला रजा कॉलोनी निवासी अनस (21) पुत्र अनवर घायल हो गया।
तीनों बाइक से शेरकोट से नगीना आ रहे थे। नगीना में रामलीला बाग के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे एक कैंटर की चपेट में आ गई। इस घटना में बाइक सवार तीनों नीचे गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए लाया गया, जहां चिकित्सकों ने हम्माद को मृत घोषित किया। गंभीर रूप से घायल अनस व हुमा को प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया। हुमा नगीना में मायके आ रही थी। भांजा अनस उसे लेने गया था। नगीना के नजदीक आते ही हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर की साइड लगने से बाइक सड़क पर गिर गई और उस पर सवार तीनों नीचे गिर गए। छह वर्षीय हम्माद का सिर सड़क पर लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हुमा की दो बेटियां चार वर्षीय हिदाया और छह वर्षीय इफरा हैं। सीओ राजेश कुमार का कहना है कि बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया है। आरोपी कैंटर चालक की तलाश की जा रही है।क