जांच घटीं तो घट गए संक्रमित मरीज
बिजनौर। जिले में सोमवार को जांच का दायरा घटा तो कोरोना संक्रमित मरीज मिलने की रफ्तार भी टूट गई। सोमवार को प्राप्त हुई कुल 551 जांच रिपोर्ट में से 49 लोगों में ही कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि 502 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। रविवार को अब तक सबसे अधिक 796 केस मिले थे। लगभग एक माह बाद ही जिले में इतनी कम संख्या कोरोना संक्रमित केस मिले हैं।
सोमवार को जनपद में 49 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जिले में पिछले करीब एक माह से कोरोना संक्रमण की रफ्तार में लगातार इजाफा हो रहा था। सोमवार को जिले में प्राप्त हुई कुल 551 जांच रिपोर्ट में से 49 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जिले में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 12 हजार 709 पर पहुंच गई है। इनमें से अब तक दस हजार 110 मरीजों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना को हराया है, जबकि 85 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन मामले बढ़कर 2514 पर पहुंच गए हैं।
सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार अब तक जिले से कुल चार लाख 73 हजार 355 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से कुल चार लाख 69 हजार 803 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें से 12 हजार 709 लोग कोरोना पॉजिटिव और चार लाख 57 हजार 94 जांच रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी हैं। वर्तमान में 3552 जांच रिपोर्ट लंबित हैं। सीएमओ ने बताया कि सोमवार को लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज मेरठ से कोई जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई। ये सभी जांच रेपिड एंटीजन किट से ही की गई हैं।