बिजनौर में प्रो-कबड्डी लीग में सभी को अपना मुरीद करने वाले जिले के लाल राहुल और रोहित ने टीम इंडिया में एंट्री के लिए दस्तक दे दी है। दोनों गांधीनगर में होने नेशनल टीम में सेलेक्शन के लिए आयोजित हो रहे कैंप में भाग लेंगे। इस कैंप में चुने जाने वाले रोहित और राहुल जिले के पहले खिलाड़ी हैं। कैंप में अच्छा प्रदर्शन करने पर दोनों को नेशनल टीम में एंट्री मिल सकती है।
साल 2014 में शुरू हुई प्रो कबड्डी लीग में जिले के गांव जलालपुर के राहुल ने तेलुगू टाइटंस की ओर से खेलते हुए सभी को अपने खेल का दीवाना बना दिया था। राहुल ने प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक जीते थे। राहुल को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया था। इस साल हुई लीग में भी राहुल ने शानदार प्रदर्शन किया। राहुल को बीते साल थाईलैंड में हुए बीच कबड्डी टूर्नामेंट का कप्तान भी बनाया गया था। वहीं रोहित ने इस साल दबंग दिल्ली टीम की ओर से खेलते हुए कई अहम मौकों पर अपनी टीम को जीत दिलाई।
दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए उनको कैंप के लिए चुना गया है। कई साल से यूपी से किसी भी खिलाड़ी का चयन इस कैंप के लिए नहीं हुआ था। इस बार भी इन दोनों को ही कैंप के लिए चुना गया है, जो इन खिलाड़ियों की उपलब्धि को और खास कर देती है।
जिला कबड्डी संघ सचिव व प्रो कबड्डी लीग में दबंग दिल्ली के कोच रहे अरविंद कुमार के मुताबिक राहुल और रोहित दोनों ही बहुत शानदार खिलाड़ी हैं। दोनों कैंप में अपने नैसर्गिक खेल खेलेंगे तो उनका चयन आराम से टीम इंडिया में हो जाएगा।