जिला अस्पताल में बढ़े वायरल बुखार के मरीज
बिजनौर। मौसम में परिवर्तन शुरू होते ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय में खांसी, नजला, सर्दी, वायरल और बुखार आदि के अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। मौसम के इस उतार चढ़ाव से वायरल फीवर, सर्दी, जुकाम, खांसी, नजला जैसी बीमारियां फैलने लगी हैं।
दिन के समय अभी कोई खास सर्दी नहीं पड़ रही है। मौसम के बदलते मिजाज ने जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। कोरोना काल में फिजीशियन की ओपीडी में करीब 50 से 60 ही मरीज जिला अस्पताल पहुंचते थे। जिला अस्पताल के सीएमएस ज्ञानचंद और जनरल फिजीशियन राधेश्याम वर्मा ही बुखार और अन्य संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों को परामर्श देकर उनका उपचार करते हैं। ऐसे में करीब 200 से 250 मरीज तक नजला, खांसी, सर्दी और बुखार के मरीज आ रहे हैं। जनरल फिजीशियन डॉ. राधेश्याम वर्मा बताते हैं कि मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। इन दिनों हमें सुबह-सुबह ठंड महसूस नहीं होती, लेकिन यह काफी हानिकारक है।
सीएमएस ज्ञानचंद ने बताया कि जैसे-जैसे मौसम में परिवर्तन होना शुरू हो गया है। तभी से अस्पताल की ओपीडी में बढ़ोतरी हुई है। इसमें सबसे ज्यादा मरीज वायरल फीवर के आ रहे हैं। लेकिन जिन मरीजों को कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई देते हैं, तो उन्हें आइसोलेशन ओपीडी में रेफर किया जाता है, ताकि कोरोना टेस्ट हो सके। इसके अलावा अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर व्यवस्था बनाई जा रही है। सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि ओपीडी व पंजीकरण खिड़की पर मरीजों की भीड़ न उमड़े।